पूसीरे की पहलः आजरा में विश्वस्तरीय हर मौसम अनुकूल गुड्स शेड का होगा निर्माण
गुवाहाटी, 25 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) द्वारा आजरा में एक विश्व स्तरीय, हर मौसम अनुकूल गुड्स शेड का निर्माण किया जाएगा। आजरा को रंगिया मंडल का सबसे व्यस्त गुड्स टर्मिनल माना जाता है। लगभग 50 करोड़ की कुल लागत से अनुमोदित इस परियोजना से टर्मिनल पर फ्रेट हैंडलिंग की व्यवस्था आधुनिक होगी, जिससे खराब मौसम में भी माल अनलोडिंग का कार्य निरंतर किया जा सकेगा।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बुधवार काे बताया कि पूसीरे के महाप्रबंधक विवेक खरे ने 25 नवंबर को आजरा में इस परियोजना के लिए भूमि पूजन किया, जिससे परियोजना के बुनियादी ढांचे के कार्यों की औपचारिक शुरुआत हुई। उन्होंने पूसीरे के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परियोजना स्थल का निरीक्षण भी किया और प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की।
इस परियोजना मेंरोज़मर्रा केमाल ढुलाई कार्यों के लिए उपयोगी सर्विस बिल्डिंग और प्री-इंजीनियर्ड स्ट्रक्चर से निर्मित गुड्स शेड शामिल हैं। कवर्ड अनलोडिंग क्षेत्र चीनी, अनाज, खाद्य तेल जैसे खेप और अन्य वस्तुओं की हैंडलिंग के दौरान बारिश से बचाने में सहायक होगा। मौसम की वजह से होने वाली बाधा को कम करके, ये अपग्रेडेड सुविधाएं माल परिवहन से जुड़े ग्राहकों के लिए अनलोडिंग की प्रक्रिया को अधिक विश्वसनीय बनाएंगी और आवश्यक सामानों को समय पर क्षेत्रीय बाज़ारों तक पहुंचाने में मदद करेंगी।
वर्ष 2025-26 के दौरान आजरा में 930 आवक रेकों की हैंडलिंग की गई, जो रंगिया मंडल के सभी गुड्स टर्मिनलों में सर्वाधिक है। वर्ष 2026-27 में अबतक, इस टर्मिनल में लगभग 572 रेक की हैंडलिंग की जा चुकी है, जिनसे लगभग 8.24 लाख टन माल की हैंडलिंग हुई है।
आजरा में किया जा रहा यह विकास, भारी मात्रा में खेप परिवहन के लिए रेलवे को एक अधिक आकर्षक विकल्प बनाना पूसीरे के प्रयासों का हिस्सा है। बेहतर टर्मिनल सुविधाएं व्यापारियों और वितरकों को अधिक आत्मविश्वास के साथ उनके शिपमेंट की योजना बनाने में मदद कर सकती हैं, और पूरे क्षेत्र तथा उसके बाहर भी भारी माल के लिए रेलवे के व्यापक उपयोग को बढ़ावा दे सकती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

