असम विधानसभा चुनाव-2026: एआईयूडीएफ ने जारी की 12 उम्मीदवारों की दूसरी सूची
गुवाहाटी, 17 मार्च (हि.स.)। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) ने मंगलवार को आगामी असम विधानसभा चुनाव-2026 के लिए अपने 12 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, जिसमें पार्टी अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल को बिनाकांडी निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, हाफिज बशीर अहमद को ग्वालपारा पूर्व से नामित किया गया है, जबकि नजरुल हक धुबड़ी से चुनाव लड़ेंगे। मजीबुर रहमान को दलगांव से मैदान में उतारा गया है और अशरफुल हुसैन चेंगा से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने सामागुरी से अब्दुल अजीज, करीमगंज दक्षिण से शिहाबुद्दीन और सामराजनगर से इमदाद हुसैन को चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया है।
एआईयूडीएफ की ओर से जमशेर तालुकदार को गोलकगंज से मैदान में उतारा गया है, वहीं मुसुखा बसुमतारी बिजनी से चुनाव लड़ेंगे। मुकुट दास को रहा से नामित किया गया है, जो अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित है, जबकि डॉ. अनूप कुमार दास तालुकदार राम कृष्ण नगर (एससी) से चुनाव लड़ेंगे।
अपनी दूसरी सूची की घोषणा के साथ एआईयूडीएफ ने 2026 के असम विधानसभा चुनावों के लिए अपनी तैयारियों को और तेज कर दिया है। पार्टी सूत्रों ने संकेत दिया कि शेष निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त उम्मीदवारों की घोषणा आने वाले दिनों में होने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि अपनी पहली सूची में एआईयूडीएफ ने कुल नौ उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया था, जिसमें रूपहीहाट से अमीनुल इस्लाम,मांडिया से रफीकुल इस्लाम, पाका बेतबारी से मीनाक्षी रहमान, परबतझोरा से अबू ताबेर बेपारी, गौरीपुर से निजानुर रहमान, श्रीजांग्राम से रेजाउल करीम सरकार, धिंग से मतिबुर रहमान, बिलासीपारा से शबाना अख्तर एवं लाहोरीघाट से सिद्दीक अहमद को उम्मीदवार बनाया गया है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

