खारूपेटिया के किसानों की आमदनी पर डाका डाल रहे बिचौलिए : ऐनुद्दीन अहमद
दरंग (असम), 26 नवम्बर (हि.स.)। दरंग जिलांतर्गत खारूपेटिया के किसानों की आमदनी पर बिचौलियों द्वारा डाका डालने का आरोप लगाया जा रहा है। बिचौलियों द्वारा धान की खरीद पर संगठित रूप से सिंडिकेट चलाए जाने की बातें कही जा रही है। बताया गया है कि किसानों से कम कीमत में धान खरीदकर बिचौलिए बाहरी राज्यों में भेजकर मुनाफा कमा रहे हैं। किसान से कम कीमत में धान खरीदने के लिए बिचौलियों ने खास बाजार बनाया है। सरकार द्वारा किसानों के लिए तय किए गए न्यूनतम समर्थन मूल्य के धान खरीद केंद्र होने के बावजूद किसान उचित कीमत से वंचित हैं।
यह शिकायत आल मुस्लिम स्टूडेंट यूनियन (आमसू) के मुख्य सलाहकार ऐनुद्दीन अहमद ने किया है। राज्य सरकार ने किसानों को धान के न्यूनतम लाभकारी मूल्य की गारंटी देने के उद्देश्य से प्रति क्विंटल धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2640 रुपये निर्धारित किया है। इसी के साथ दरंग जिले में लगभग 10 सरकारी धान खरीद केंद्र उपलब्ध हैं। ऐनुद्दीन अहमद ने कहा है कि इन सभी सुविधाओं के बावजूद, दरंग जिले, खासकर खारुपेटिया के किसान अपने धान के उचित मूल्य से वंचित होने पर नाराज हैं।
ऐनुद्दीन ने आराेप लगाया कि कुछ बेईमान व्यापारी सरकार द्वारा तय किए गए मूल्य को तोड़-मरोड़ कर किसानों से कम मूल्य पर धान खरीदते हैं। बिचौलियों द्वारा बनाई गई एक विशेष बाजार में विभिन्न दलालों के माध्यम से किसानों से प्रति क्विंटल 1800 से 2100 रुपये में धान खरीदते हैं। उन्होंने कहा कि 'हमारे स्थानीय धान से बाहरी राज्यों में चावल तैयार करेंगे और वही चावल फिर असम के लोग ही खरीदकर खाएंगे। इस तरह के धंधे से असम के अर्थ व्यवस्था पर असर पड़ेगा।' आइनूद्दीन अहमद ने विभागीय उच्च स्तरीय जांच के जरिए बिचौलियों के धंधे को बंद कराने के साथ-साथ असम के धान को बाहरी राज्यों में भेजने पर रोक लगाने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

