सदौ असम गोर्खा छात्र संघ का शपथ ग्रहण समारोह सफलतापूर्वक संपन्न
गुवाहाटी, 30 जुलाई (हि.स.)। सदौ असम गोर्खा छात्र संघ (एजीएसयू) के नव निर्वाचित 19वें केंद्रीय कार्यकाल का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार काे गुवाहाटी के पांजाबारी स्थित श्रीमंत शंकरदेव कला क्षेत्र के श्री माधवदेव अंतरराष्ट्रीय प्रेक्षागृह में उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में एजीएसयू के सलाहकार वीरेंद्र चुब्बा ने संगठन के 48 नए केंद्रीय सदस्यों को शपथ ग्रहण करवाया। शपथ ग्रहण समारोह में अध्यक्ष नोमल छेत्री, महासचिव सोमराज सोनार सहित सभी नए निर्वाचित पदाधिकारी संगठन और समाज के हित में निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ सेवा देने की प्रतिज्ञा ली।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद एक परिचर्चा सभा आयोजित की गई। सभा में मुख्य अतिथि के रूप में असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल और असम के शिक्षा मंत्री डॉ. रणोज पेगू उपस्थित थे।
विशिष्ट अतिथि के तौर पर असम गोर्खा सम्मेलन के अध्यक्ष श्रीकृष्ण भुजेल, भारतीय गोर्खा परिसंघ के अध्यक्ष नित्यानंद उपाध्याय, नेपाली साहित्य सभा के अध्यक्ष चिंतामणि शर्मा, सदौ असम गोर्खा छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष, गोर्खा समुदाय के विभिन्न जाति-उपजातीय संगठनों के अध्यक्ष और महासचिव, आगसू के बीटीसी क्षेत्रीय समिति के अध्यक्ष और महासचिव, विभिन्न जिला समितियों के अध्यक्ष और महासचिव, केंद्रीय और जिला स्तर के पदाधिकारी तथा संगठन के अनेक शुभचिंतक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने नव निर्वाचित नेतृत्व को बधाई दी और आशा व्यक्त किया कि संगठन गोरखा समाज की शिक्षा, एकता, अधिकारों की सुरक्षा, सांस्कृतिक विकास और सर्वांगीण उन्नति के क्षेत्र में और भी मजबूत भूमिका निभाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

