असम में मसाला खेती के विस्तार पर कृषि मंत्री पीयूष ने दिया का जोर
गुवाहाटी, 20 अगस्त (हि.स.)। असम कृषि विभाग राज्य में मसाला खेती के विस्तार पर विशेष ध्यान देगा। इसके तहत उत्पादन बढ़ाने, उत्पादकता एवं गुणवत्ता में सुधार तथा किसानों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।
कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने गुरुवार को जनता भवन में स्पाइस बोर्ड आफ इंडिया के सचिव एमएस मणिवन्नन तथा बोर्ड के नॉर्थ ईस्ट इंडिया रीजनल ऑफिस के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कृषि विभाग, असम के आयुक्त एवं निदेशक भी मौजूद रहे।
बैठक में राज्य के मसाला क्षेत्र को मजबूत एवं विस्तारित करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। कृषि मंत्री ने कहा कि असम में अदरक, हल्दी, काली मिर्च, मिर्च, लहसुन, धनिया, इलायची, तेजपात सहित विभिन्न मसालों के उत्पादन को बड़े पैमाने पर बढ़ाने की क्षमता है।
हजारिका ने कहा कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मसालों की बढ़ती मांग किसानों की आय बढ़ाने तथा असम की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।
मंत्री ने स्पाइस बोर्ड आफ इंडिया को आश्वासन दिया कि असम सरकार का कृषि विभाग राज्यभर के मसाला उत्पादकों को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने मसाला खेती को बढ़ावा देने, उत्पादकता एवं गुणवत्ता में सुधार और बाजार संपर्क मजबूत करने के लिए बोर्ड के साथ समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में असम की अनुकूल कृषि-जलवायु परिस्थितियों का लाभ उठाते हुए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में राज्य की मसाला क्षेत्र में उपस्थिति बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

