डिब्रूगढ़ विवि के पूर्व छात्र नेताओं सहित अन्य युवा अगप में शामिल
गुवाहाटी, 24 मार्च (हि.स.)। असम गण परिषद (अगप) के प्रति समर्थन व निष्ठा व्यक्त करते हुए मंगलवार को डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय के छात्र एकता सभा के पूर्व महासचिव अरिंदम बुढ़ागोहांई के साथ विश्वविद्यालय की छात्र एकता सभा के विभिन्न पदों पर सेवा देने वाले तथा राज्य की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के बड़ी संख्या में युवा पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल हुए।
अगप के आमबारी स्थित मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष अतुल बोरा और कार्यकारी अध्यक्ष केशव महंत की उपस्थिति में शामिल हुए इन पूर्व छात्र नेताओं ने पार्टी के प्रति निष्ठा व्यक्त की। अतुल बोरा ने पार्टी में इनका स्वागत करते हुए कहा कि असम की जाति, माटी और संस्कृति की सुरक्षा, सम्मान की रक्षा और समग्र विकास के लक्ष्य की दिशा में अगप हमेशा प्रतिबद्ध है। इस आदर्श को आगे बढ़ाने के संदर्भ में नई पीढ़ी की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महंत ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि अगप की नीति-आदर्श, क्षेत्रीय हितों की सुरक्षा और आम लोगों के अधिकारों के प्रति रुख आज के युवाओं को आकर्षित कर रहा है।
पार्टी की केंद्रीय समिति के महासचिव मनोज सैकिया द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय समिति के उपाध्यक्ष, महासचिव सहित अन्य पाधिकारियों और पार्टी के भातृ संगठनों के विभिन्न जिम्मेदार पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।-----
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

