एएफडीसी घोटाले में बड़ा खुलासा, ओएसडी पद्मकांत हजारिका पुरी से गिरफ्तार
गुवाहाटी, 31 मई (हि.स.)। असम मत्स्य विकास निगम (एएफडीसी) से जुड़े कथित घोटाले की जांच में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। निगम के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) पद्मकांत हजारिका को ओडिशा के पुरी से गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच को और तेज कर दिया गया है।
जांच एजेंसियों को संदेह है कि विभाग में नियुक्तियों के दौरान गंभीर अनियमितताएं की गईं और कथित रूप से पैसों के बदले नौकरी देने का खेल चलाया गया। आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में नियमों और पारदर्शिता की अनदेखी कर कुछ खास लोगों को लाभ पहुंचाया गया।
इसके अलावा टेंडर प्रक्रिया में हेरफेर के आरोप भी सामने आए हैं। जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि सार्वजनिक निविदा प्रक्रिया को दरकिनार कर लाभकारी ‘बील’ (आर्द्रभूमि) पट्टों का आवंटन कथित तौर पर रिश्तेदारों, करीबी सहयोगियों और राजनीतिक रूप से प्रभावशाली व्यक्तियों को किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और संपत्तियों की गहन जांच की जा रही है ताकि धन के प्रवाह का पता लगाया जा सके और घोटाले से जुड़े अन्य लाभार्थियों की पहचान हो सके।
सूत्रों का कहना है कि जांच में जैसे-जैसे नए तथ्य सामने आएंगे, आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा कानूनी कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

