विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले असम में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
गुवाहाटी, 05 मार्च (हि.स.)। असम सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए कई भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और असम सिविल सेवा (एसीएस) अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। असम सरकार के कार्मिक विभाग (कार्मिक-ए), दिसपुर, गुवाहाटी की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार जिला आयुक्त और सचिव स्तर के कई अधिकारियों के पदों में बदलाव किया गया है।
कार्मिक (ए) विभाग की सचिव मोनिता बोरगोहाईं द्वारा बुधवार को हस्ताक्षरित अधिसूचना में इन तबादलों की जानकारी दी गई। यह फेरबदल आगामी असम विधानसभा चुनाव 2026 से ठीक पहले किया गया है, जिसे प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अधिसूचना के अनुसार, पार्थ प्रतिम मजूमदार (आईएएस) को स्थानांतरित कर बजाली का जिला आयुक्त नियुक्त किया गया है। नरेंद्र कुमार शाह (आईएएस) को असम सरकार में सचिव बनाया गया है। वहीं आदित्य विक्रम यादव (आईएएस) को लखीमपुर का जिला आयुक्त तथा प्रीति कुमारी (आईएएस) को पश्चिम कार्बी आंगलोंग का जिला आयुक्त बनाया गया है। आयुषी जैन (आईएएस) को दरंग जिले का जिला आयुक्त नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में मीनाक्षी दास नाथ (एसीएस) को असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। पुबाली गोहाईं (एसीएस) को गोलाघाट का जिला आयुक्त नियुक्त किया गया है। सारंगा पानी सरमा (एसीएस) और गौतम दास (एसीएस) को असम सरकार में सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा जतिन बोरा (एसीएस) को भी असम सरकार का सचिव बनाया गया है। प्रणब जीत काकोती (एसीएस), पराग कुमार काकोती (एसीएस) और मृदुल कुमार दास (एसीएस) को असम सरकार में अतिरिक्त सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं धीरज सऊद (एसीएस) को बाक्सा का जिला आयुक्त और गकुल चंद्र ब्रह्म (एसीएस) को चिरांग का जिला आयुक्त बनाया गया है।
राज्य सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

