मेघालय में फंसे असम के लोगों के लिए हेल्पलाइन जारी
गुवाहाटी, 21 अगस्त (हि.स.)। मेघालय में मौजूदा स्थिति को देखते हुए असम सरकार ने असम पुलिस के माध्यम से मेघालय में फंसे या आवागमन में कठिनाई का सामना कर रहे असम के लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर सक्रिय किए हैं।
परिजन, रिश्तेदार या किसी व्यक्ति को मेघालय में फंसे लोगों अथवा वाहनों की जानकारी होने पर हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना साझा कर सकते हैं। इसमें व्यक्ति का नाम, संपर्क नंबर, वाहन नंबर, वर्तमान स्थान तथा अन्य उपलब्ध जानकारी दी जा सकती है।
प्राप्त सूचनाओं को आवश्यक समन्वय और सहायता के लिए मेघालय के संबंधित प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा। असम सरकार और असम पुलिस मेघालय के संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए हैं और जरूरतमंद लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
हेल्पलाइन नंबर:
व्हाट्सऐप: 9181014888
लैंडलाइन: 03612381511
आम लोगों से शांत रहने और प्रभावी एवं समयबद्ध समन्वय के लिए केवल सत्यापित जानकारी साझा करने की अपील की गई है।
ज्ञात हो कि मेघालय की राजधानी एवं आसपास के इलाकों में बीते 19 अगस्त को खासी स्टूडेंट यूनियन (केएसयू) के द्वारा विरोध प्रदर्शन के दौरान असम नंबर के वाहनों पर हमला कर उसमें तोड़-फोड़ की गयी। जिसके बाद बीते 20 अगस्त को असम-मेघालय सीमावर्ती खानापारा एवं जोराबाट में मेघालय के वाहनों का असम में प्रवेश करने से असम के वाहन चालकों एवं वाहन मालिकों ने रोक दिया। इस घटना के बाद मेघालय की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गयी है। इसका असर आज भी देखा जा रहा है। दोनों राज्यों में पुलिस प्रशासन हालात पर नजर रखते हुए हैं। सरकार की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

