home page

(अपडेट) गुवाहाटी में महिला की हत्या के आरोप में 45 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार, तलवार-वाहन बरामद

 | 
(अपडेट) गुवाहाटी में महिला की हत्या के आरोप में 45 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार, तलवार-वाहन बरामद


गुवाहाटी, 09 नवंबर (हि.स.)। असम पुलिस ने खानापारा स्थित ग्रीन वुड रिसॉर्ट के पास महिला का शव मिलने के मामले में हत्या के आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल तलवार (दाओ), एक मैजिक वाहन और उसके कपड़े बरामद किए हैं। असम पुलिस मुख्यालय ने सोमवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, सात नवंबर को ग्रीन वुड रिसॉर्ट के पास एक महिला का शव बरामद हुआ था। दिसपुर पुलिस स्टेशन के कर्मचारियों ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव उसके पति को सौंप दिया था। जांच में मृतका की पहचान जीना बैश्य (पति जीतू बैश्य), निवासी कोइनाधारा, उदय नगर, गुवाहाटी के रूप में हुई। पता चला कि वह एक नवंबर से लापता थीं।

इसके बाद महिला के पति जीतू बैश्य ने वशिष्ठ पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी पत्नी की हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया। इस संबंध में वशिष्ठ पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 103(1)/238 के तहत मामला संख्या 427/2026 दर्ज किया गया। जांच के शुरुआती चरण में आरोपित की पहचान को लेकर कोई ठोस सुराग नहीं मिला था।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों की बारीकी से तलाशी लेकर साक्ष्य जुटाए। जांच के आधार पर प्रदीप ताये (45) को गिरफ्तार किया गया। वह कोइनाधारा, उदय नगर स्थित मकान नंबर 13 का निवासी है। उसका स्थायी पता धेमाजी जिले के सिलापाथर थाना क्षेत्र के हलाधिबारी में है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान प्रदीप ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद बीएसए की धारा 23(2) के तहत पहचान और खुलासे से जुड़ी प्रक्रिया पूरी की गई। आरोपित की जानकारी और निशानदेही पर अपराध में इस्तेमाल किया गया मैजिक वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर एएस-25डीसी-9807), एक तलवार (दाओ) और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद कर नियमानुसार जब्त किए गए।

पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय