home page

ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में हुई तीन लोगों की मौत

 | 
ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में हुई तीन लोगों की मौत


गुवाहाटी, 28 मई (हि.स.)। ब्रह्मपुत्र नदी के दूसरे छोर पर स्थित उत्तर गुवाहाटी के गौरीपुर क्षेत्र में बुधवार मध्य रात्रि को एक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जॉयगुरु आश्रम के समीप हुआ।

गौरीपुर पुलिस के अनुसार, गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक और स्कॉर्पियो वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर होने से यह हादसा हुआ। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि स्कॉर्पियो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान रंजीत डे, करुणा बेजबरुवा और पार्थ प्रतिम बर्मन के रूप में हुई है। इनमें एक व्यक्ति नावकाटा का निवासी था, जबकि अन्य दो गुवाहाटी के मालीगांव क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक (एएस-01डीसी-3141) गलत दिशा से आ रहा था और उसने स्कॉर्पियो (एएस-01जीपी-9940) को जोरदार टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की जांच में जुट गई है। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय