एंबुलेंस रोकने के आरोप में चार पुलिस कर्मी सस्पेंड
कछार (असम), 30 सितंबर (हि.स.)। एम्बुलेंस वाली घटना की विभागीय जांच पूरी होने तक, संबंधित चार पुलिसकर्मियों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। सभी पुलिसकर्मियों को साफ़ निर्देश दिए गए थे कि काफिले की आवाजाही के दौरान आम जनता को कोई परेशानी न हो। अतिरिक्त एसपी और डीवाईएसपी को भी सख्त निगरानी सुनिश्चित करने के लिए चेतावनी दी गई है।
कछार के एसएसपी पार्थ प्रतीम दास के द्वारा हस्ताक्षरित आदेश में कहा गया है कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बार-बार इस बात पर ज़ोर दिया है कि काफिले की आवाजाही से जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए। सरकार के निर्देश स्पष्ट हैं: जनहित में, काफिले की आवाजाही के लिए इमरजेंसी वाहनों को नहीं रोका जाना चाहिए। हम इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और जांच के ज़रिए ज़िम्मेदारी तय की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि आज मुख्यमंत्री डॉ. सरमा कछार जिला मुख्यालय शहर सिलचर के दौरे पर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री का काफिला जब शहर के एक हिस्से से गुजर रहा था, इसी दौरान एक एंबुलेंस वहां से गुजरी, जिसे पुलिस कर्मियों ने रोक दिया। इसकी जानकारी जब मुख्यमंत्री को हुई तो उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए एंबुलेंस रोके जाने की घटना पर मरीज और उसके परिवार से माफी मांगी। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि इस तरह एंबुलेंस को रोकना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
सस्पेंड पुलिस कर्मियों में एसआई बिजॉय गोस्वामी, प्रभारी श्रीकोना पुलिस चौकी (सिलचर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत), एसआई शिबशंकर दास, राष्ट्रीय राजमार्ग पुलिस चौकी (सिलचर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत), लांस नायक (यूबी) जहुरुल इस्लाम, कटिगोरा पुलिस स्टेशन और लांस नायक कौसर अहमद बारभुइयां, ट्रैफिक ब्रांच, सिलचर शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

