(अपडेट) पगलादिया नदी में डूबने से दो महिला समेत तीन की मौत
नलबाड़ी (असम), 20 अप्रैल (हि.स.)। बहाग बिहू की खुशियों के बीच नलबाड़ी जिले घोघरापार थानांतर्गत निज बर्शिराल के कटाबारी गांव में रविवार की देर शाम हृदयविचारक घटना हुई। पगलादिया नदी में नहाने गई एक युवती व दो महिला समेत तीन लोग पानी में डूब गए। घोघरापार पुलिस ने सोमवार को बताया है कि मामले की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों ने तीनों को अचेत अवस्था में नदी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में निज बर्शिराल गांव निवासी गुड्डू डेका (35, महिला) और गुवाहाटी के पांजाबारी निवासी पिंकी दास (24 गुड्डू डेका की बहन) एवं रोहित गुटुंग (27) के रूप में हुई है। बताया गया है कि पिंकी और रोहित गुड्डू के घर बिहू मनाने के लिए पहुंचे थे।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि पागलादिया नदी के किनारे तटबंध बनाए जाने के लिए खनन कार्य चलाने के कारण बड़ा गड्ढा बन गया था। तीनों नदी में नहाने के लिए गए थे, इसी दौरान गड्ढे में डूबकर तीनों की करुण मृत्यु हो गयी।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नलबाड़ी जिला अस्पताल भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज कर जांच जारी रखे हुए है। स्थानीय लोगों ने तटबंध बनाने के कार्य में लिप्त संस्थान के विरूद्ध आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

