असम के रंगापारा में बोलेरो पिकअप से 12 मवेशी जब्त, दो लोग हिरासत में
असम, शोणितपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। शोणितपुर जिले के रंगापारा में मंगलवार को एक बोलेरो पिकअप वाहन से 12 मवेशियों को जब्त किया गया। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के सदस्यों ने वाहन को रोककर उसमें सवार दो लोगों को मवेशियों समेत पकड़ लिया और बाद में उन्हें रंगापारा पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्तियों की पहचान ढेकियाजुली के रांगागड़ा निवासी नाजमुल हक और शहीदुल इस्लाम के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि सफेद रंग के बोलेरो पिकअप वाहन संख्या एएस-12सीसी-5334 से मवेशियों को ढेकियाजुली से अरुणाचल प्रदेश के बानात की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रंगापारा बीच ट्रैफिक प्वाइंट के समीप बजरंग दल और विहिप के सदस्यों ने वाहन को रोक लिया।
वाहन की तलाशी के दौरान उसमें 12 मवेशी पाए गए। इसके बाद संगठन के सदस्यों ने दोनों व्यक्तियों को मवेशियों समेत पकड़कर रंगापारा पुलिस को सौंप दिया। बजरंग दल और विहिप के सदस्यों ने मवेशियों को कथित रूप से अवैध तरीके से ले जाए जाने का संदेह जताया है।
रंगापारा पुलिस ने वाहन और उसमें लदे मवेशियों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को किस उद्देश्य से और किन परिस्थितियों में ढेकियाजुली से अरुणाचल प्रदेश ले जाया जा रहा था।------------
हिन्दुस्थान समाचार / जयकिशोर झा

