मंत्री अशोक सिंघल ने संभाला कार्यभार, कार्यालय में पूजा-अर्चना कर किया प्रवेश
गुवाहाटी, 10 जून (हि.स.) । असम सरकार में मंत्री के रूप में दायित्व प्राप्त करने के बाद अशोक सिंघल ने बुधवार को दिसपुर स्थित जनता भवन के ई-ब्लॉक में स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रवेश किया और अपना कार्यभार संभाला।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री सिंघल ने कहा कि असम महान संत श्रीमंत शंकरदेव की पवित्र भूमि और मां कामाख्या की धरती है। उन्होंने कहा कि इस भूमि पर “जिहाद” के लिए कोई स्थान नहीं है और यहां किसी भी प्रकार का जिहाद नहीं चल सकता।
मंत्री ने कहा कि जिहाद के विकल्प के रूप में सनातन मूल्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार जिहाद जैसी प्रवृत्तियों को समाप्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।
मंत्री अशोक सिंघल की यह टिप्पणी मंत्री पद का कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद सामने आई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

