विधानसभा चुनाव परिणामों की कांग्रेस ने की समीक्षा, भाजपा सरकार पर गौरव गोगोई का हमला
गुवाहाटी, 09 जुलाई (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई की अध्यक्षता में गुरुवार को असम प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में विधानसभा चुनाव परिणामों की समीक्षा को लेकर विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में तेजपुर, गुवाहाटी, धुबड़ी, कोकराझाड़, बरपेटा, नगांव तथा दरंग-उदालगुड़ी लोकसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीटों के चुनाव परिणामों का विस्तृत विश्लेषण किया गया।
जिला पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर चुनावी प्रदर्शन की समीक्षा की गई।
बैठक में कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक बंधु तिर्की, एआईसीसी सचिव एवं असम प्रभारी मनोज चौहान, सांसद रकीबुल हुसैन, पूर्व नेता प्रतिपक्ष देवब्रत सैकिया सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में गौरव गोगोई ने ढेकियाजुली में शहीद रतन कछारी के नाम पर स्थित सड़क का नाम बदलकर 'श्यामा प्रसाद मुखर्जी पथ' किए जाने की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार अपने वैचारिक नेताओं का सम्मान करना चाहती है तो नई सड़क या नए संस्थान का नाम उनके नाम पर रख सकती है, लेकिन स्वतंत्रता सेनानी और असम के वीर सपूत शहीद रतन कछारी के नाम को हटाना उचित नहीं है।
गोगोई ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के नाम बदलने की प्रवृत्ति राज्य के भविष्य के लिए शुभ संकेत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव में हार के बावजूद कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता निराश नहीं हैं तथा पार्टी एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाती रहेगी।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए गोगोई ने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के बाद सरकार अधिक अहंकारी हो गई है, जिसकी झलक विधानसभा के वर्तमान बजट सत्र में भी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के रवैये को लेकर राज्य के लोगों में चिंता बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि शेष लोकसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीटों की समीक्षा बैठक शुक्रवार को आयोजित की जाएगी।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

