प्रदेश भाजपा की पहल पर बाढ़ प्रभावितों की मदद में जुटे कार्यकर्ता
गुवाहाटी, 02 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण संबंधी कदमों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। इस संबंध में प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता ब्रजेन महंत ने एक बयान जारी कर मुख्यमंत्री की घोषणाओं को जनहित में ऐतिहासिक कदम बताया। साथ ही कहा कि भाजपा कार्यकर्ता बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।
बयान के अनुसार, बाढ़ प्रभावित परिवारों को पूर्व घोषित 15 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता 3 से 5 अगस्त के बीच सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी। इससे शिवसागर, चराईदेव, जोरहाट और गोलाघाट जिलों के लगभग 85 हजार परिवार लाभान्वित होंगे। जो परिवार अब तक अपने घर नहीं लौट सके हैं, उन्हें 10 अगस्त को अतिरिक्त 10 हजार रुपये की सहायता भी दी जाएगी।
शिक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को दो-दो स्कूल यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष से समग्र शिक्षा अभियान को लगभग 8 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसके अलावा शिवसागर और चराईदेव जिले के 300 यूनिट तक मासिक बिजली उपभोग करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं का जुलाई माह का बिजली बिल माफ किया गया है। दोनों जिलों के बाढ़ प्रभावित लोगों को चालू वित्तीय वर्ष के लिए भूमि राजस्व (खजाना) से भी पूर्ण छूट दी गई है।
सरकार ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त विद्यालयों को दो-दो लाख रुपये, नामघरों को डेढ़ लाख रुपये तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को दो से ढाई लाख रुपये तक की सहायता देने का निर्णय लिया है। वहीं, 46 बीमा कंपनियों के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में बाढ़ पीड़ितों के बीमा दावों का शीघ्र निपटारा, विशेष हेल्पलाइन, नोडल अधिकारी की नियुक्ति और न्यूनतम् दस्तावेजों के आधार पर दावों के निस्तारण जैसे कई फैसले लिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्थायी क्षति का सर्वेक्षण 7 अगस्त से शुरू होगा। वहीं, बाढ़ की स्थिति को देखते हुए शिवसागर और चराईदेव जिलों के लिए निर्धारित लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता पद की परीक्षा फिलहाल स्थगित कर दी गई है।
प्रदेश भाजपा ने मुख्यमंत्री के इन निर्णयों का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार राहत, पुनर्वास, शिक्षा, बिजली, राजस्व और बीमा समेत सभी क्षेत्रों में समन्वित प्रयास कर रही है। बयान में बताया गया कि अरुणोदय योजना की लाभार्थी महिलाओं को बाढ़ प्रभावित तीन जिलों में 1,250 रुपये के स्थान पर 2,500 रुपये की सहायता दी गई है। साथ ही, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया के निर्देश पर भाजपा के हजारों कार्यकर्ता बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं सहायता कार्यों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

