जोरहाट में महालया पर निकली प्रभातफेरी में उमड़ा जनसैलाब
जोरहाट (असम), 10 अक्टूबर (हि.स.)। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी हजारों की तादाद में जोरहाटवासी महालया के अवसर पर आज सुबह देवी दुर्गा की अगवानी हेतु प्रभात फेरी के लिए निकले। ऐसी लोक मान्यता है कि असुरों के नाश के लिए आज के दिन ही मां दुर्गा धरती पर अवतरित हुई थीं। इस मान्यता को विश्वास का आधार देकर आज हजारों भक्त मां दुर्गा के आगमन पर उनका स्वागत करने के लिए घरों से बाहर निकले।
जोरहाट में महालया भ्रमण की परंपरा को बरकरार रखते हुए इस बार अधिक संख्या में जनसैलाब शहर के मुख्य मार्गों पर नजर आया। खुशमिजाज मौसम के साथ महालया के दिन लोगों ने प्रभात फेरी पूरी की। सुहाने मौसम का जमकर फायदा उठाते हुए इस बार हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ शहर के एटी रोड, गरआली, केबी रोड आदि अंचलों में देखी गई। वहीं एटी रोड स्थित मानीराम देवान-पियली बरुवा फ्लाईओवर पर भी लोगों को भ्रमण करते देखा गया। शहर के अलावा जिले के समीपवर्ती पानीचकुवा, रोरैया, पुलिबर, करंगा, धली, बालीगांव, मोहबंधा, मेलेंग, बालीगांव, चेनीजान आदि अंचलों से भी लोगों का हुजूम शहर की तरफ उमड़ा।
महालया भ्रमण को लेकर लोगों का उत्साह इस कदर चरम पर था कि तड़के तीन बजे से ही लोगों की भीड़ नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए गर आली की तरफ रुख करने लगी। बच्चे-बुढ़े, युवक-युक्ती सभी माता दुर्गा के स्वागत के लिए तत्पर दिखे। इस दौरान विभिन्न पूजा समितियां गायन-बायन के साथ महालया के प्रभात फेरी में शामिल हुई। शहर के गरआली में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
उल्लेखनीय है कि महालया के अवसर पर जोरहाट में निकलने वाली प्रभात फेरी पूरे असम में अपना एक अलग स्थान रखती है। महालया के अवसर पर यहां प्रभात फेरी की वर्षों पुरानी परंपरा अब इतना विशाल रूप धारण कर चुकी है कि पूरा शहर लोगों से खचाखच भरा नजर आता है। इसी इस दौरान भीड़ का आलम ऐसा रहता है कि पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ती है। आज भी कुछ ऐसा ही देखा गया।
काफी संख्या में पुलिस बल भीड़ को नियंत्रित करने में लगाई गई। इन सबके बीच नगरवासियों ने देवी दुर्गा की अगवानी में कोई कसर नहीं छोड़ी। महालया के साथ ही कल से नवरात्रा का शुभारंभ होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai

