असम कृषि विश्वविद्यालय में 'ऑर्किड के जैव विविधता से व्यावसायीकरण तक' एकदिवसीय कार्यशाला संपन्न
-पूर्वोत्तर के ऑर्किड संसाधनों को केवल संरक्षण तक सीमित न रखकर व्यावसायिक और वैज्ञानिक रूप से तलाशना होगा : डॉ. दीपज्योति राजखोवा
जोरहाट (असम), 10 नवंबर (हि.स.)। असम और पूर्वोत्तर के ऑर्किड की जैव विविधता को व्यावसायिक संभावनाओं में बदलने के उद्देश्य से आज असम कृषि विश्वविद्यालय में ऑर्किड की जैव विविधता से व्यावसायीकरण तक विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
विश्वविद्यालय के डीबीटी एनईबीएच भवन में आयोजित कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में असम कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. दीपज्योति राजखोवा ने ऑर्किड की जैव विविधता को अर्थव्यवस्था से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पूरा पूर्वोत्तर ऑर्किड का एक समृद्ध प्राकृतिक भंडार है और इस संसाधन को केवल संरक्षण तक सीमित न रखकर इसके व्यावसायिक पहलुओं की वैज्ञानिक खोज की जानी चाहिए।
ऑर्किड के व्यावसायिक संभावनाओं के लिए पहले चरण में घरेलू बाजार को लक्ष्य बनाकर एक सुव्यवस्थित और टिकाऊ व्यवस्था बनानी होगी। इसके साथ ही ऑर्किड उत्पादन के साथ-साथ कटाई के बाद प्रबंधन, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और निर्यात की संभावनाओं का भी सदुपयोग करना होगा। प्राकृतिक संसाधनों के उचित उपयोग से किसानों के सामाजिक-आर्थिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यशाला का आयोजन असम कृषि विश्वविद्यालय के उद्यानिकी विभाग द्वारा और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय ऑर्किड अनुसंधान केंद्र, पाक्योंग, सिक्किम के सहयोग से किया गया।
स्वागत भाषण देते हुए विश्वविद्यालय के कृषि अनुसंधान निदेशक डॉ. संजय कुमार चेतिया ने कहा कि असम और पूर्वोत्तर में अधिक ऑर्किड प्रजातियों की उपस्थिति इस क्षेत्र को ऑर्किड जैव विविधता का एक महत्वपूर्ण भंडार बनाती है। इस प्राकृतिक संसाधन का योजनाबद्ध और वैज्ञानिक तरीके से उपयोग कर ऑर्किड की खेती के जरिए किसानों को आर्थिक रूप से लाभान्वित किया जा सकता है।
राष्ट्रीय ऑर्किड अनुसंधान केंद्र के निदेशक शंकर प्रसाद दास ने बताया कि असम के बिहू त्योहार और कपो फूल के बीच एक विशेष सांस्कृतिक संबंध है। इस सांस्कृतिक आकर्षण को ऑर्किड की व्यावसायिक संभावनाओं से जोड़कर एक बड़ा उद्योग बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत की जलवायु और प्राकृतिक परिस्थितियां ऑर्किड की खेती के लिए उपयुक्त हैं, लेकिन विश्व के कट फ्लावर बाजार में भारत की हिस्सेदारी अभी लगभग 1 प्रतिशत ही है, जबकि थाईलैंड जैसे देश साल भर उत्पादन कर अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी जगह मजबूत कर चुके हैं।
कार्यशाला में 3 सत्रों के दौरान असम और पूर्वोत्तर के ऑर्किड की जैव विविधता संरक्षण से लेकर वैज्ञानिक उत्पादन, मूल्य संवर्धन और व्यावसायीकरण तक सभी पहलुओं पर चर्चा की गई। साथ ही विश्वविद्यालय के उद्यानिकी अनुसंधान फार्म में तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया गया। अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में डॉ. रंजीत कुमार साहू, शंकर प्रसाद दास और डॉ. जिंटू शर्मा भी उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. कोंकणा डेका ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai

