पूर्व-व्यवहार्यता रिपोर्ट के समर्थन में आगे आए 39 परिवार
इटानगर, 07 मई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सियांग जिले के चार गांवों के कुल 39 परिवारो ने आज प्रस्तावित सियांग ऊपरी बहुउद्देशीय परियोजना (एसयूएमपी) की पूर्व-व्यवहार्यता रिपोर्ट (पीएफआर) गतिविधियों को अपना समर्थन दिया।
निंगिंग, सिंगिंग, अंगिंग और राइजिंग सहित चार गांवों के निवासियों ने आज टुटिंग स्थित सामुदायिक हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पीएफआर सर्वेक्षण के समर्थन में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
300 से अधिक लोगों की विशाल सभा की उपस्थिति में सिंगिंग गांव के 25 परिवार, अंगिंग गांव के 18 परिवार और राइजिंग गांव के 45 परिवारों में से 39 परिवारों ने पीएफआर गतिविधियों के लिए अपनी सहमति दी। एमओयू पर अरुणाचल प्रदेश सरकार की ओर से ऊपरी सियांग के उपायुक्त, तालो जेरंग और संबंधित गांवों के प्रतिनिधियों के बीच हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर बोलते हुए, विधायक अलो लिबांग ने प्रस्तावित परियोजना और पीएफआर गतिविधियों के विभिन्न पहलुओं पर सभा को जानकारी दी। उन्होंने जनता के भारी समर्थन की सराहना की और लोगों को विकास के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
उपायुक्त तालो जेरंग ने पीएफआर गतिविधियों के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला और सर्वेक्षण कार्यों से संबंधित गलतफहमियों को दूर किया। उन्होंने लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की और कहा कि भारी संख्या में उपस्थिति प्रगति और विकास के प्रति लोगों की बदलती सोच को दर्शाती है।
उन्होंने कहा, “यह दर्शाता है कि हमारे लोग धीरे-धीरे प्रगतिशील सोच अपना रहे हैं, जो लोगों के जीवन को बदलने में बहुत सहायक होगी।”
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

