सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, चार महिलाओं को बचाया गया
इटानगर, 04 मई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के लोअर दिबांग घाटी जिले की पुलिस ने एक रिसॉर्ट पर छापेमारी कर एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया और वेश्यावृत्ति में कथित तौर पर लिप्त चार महिलाओं को बचाया।
सोमवार को पुलिस अधिकारी ने बताया कि अवैध गतिविधियों के बारे में विशिष्ट सूचनाओं पर कार्रवाई करते हुए, प्रभारी अधिकारी के नेतृत्व में रोइंग पुलिस स्टेशन की एक टीम ने रविवार रात मेका क्षेत्र के एक रिसॉर्ट पर अचानक छापा मारा। इस अभियान के दौरान, असम के तिनसुकिया क्षेत्र से लाई गई चार महिलाओं को बचाया गया और पुलिस स्टेशन लाया गया।
पुलिस ने बताया कि रिसॉर्ट मैनेजर, मालिक और कई ग्राहकों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि छापेमारी के दौरान इन लोगों को कथित तौर पर वेश्यावृत्ति में लिप्त पाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रैकेट में राज्य के बाहर से महिलाओं को लाया जाता था, जबकि अधिकांश ग्राहक स्थानीय निवासी थे। पुलिस ने बताया कि उन्हें पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में संदिग्ध अनैतिक गतिविधियों के बारे में जनता से सूचनाएं और शिकायतें मिल रही थीं।
पुलिस ने कहा कि रोइंग पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता और अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम (आईटीपीए) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि रैकेट से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान करने और जिले में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयास जारी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

