अरुणाचल प्रदेश में 2025 में 10 लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे: मुख्यमंत्री पेमा खांडू
इटानगर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र का पिछले एक दशक में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। वर्ष 2010 के शुरुआती वर्षों में राज्य में एक लाख से भी कम पर्यटक आते थे, जबकि 2025 में पर्यटकों की संख्या बढ़कर 10 लाख से अधिक हो गई। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यटकों की बढ़ती संख्या अरुणाचल प्रदेश की पर्यटन क्षमता और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी बढ़ती पहचान को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इंटरनेशनल टूरिज्म मार्ट जैसे मंचों ने राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
खांडू ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ऐसे मंचों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इनके माध्यम से अरुणाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों और संभावनाओं को व्यापक पहचान मिली है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

