home page

अरुणाचल के अपर सियांग में भूस्खलन, भाजपा नेता व पत्नी और साली की मौत

 | 
अरुणाचल के अपर सियांग में भूस्खलन, भाजपा नेता व पत्नी और साली की मौत


इटानगर, 10 जून (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के अपर सियांग जिले के मिगिंग इलाके में भूस्खलन से एक स्थानीय भाजपा नेता, उनकी पत्नी और साली समेत तीन लोगों की मौत हो गई है और कई दूसरे घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को हुआ भूस्खलन आबादी वाले इलाके में हुआ था। भूस्खलन की वजह से कई लोगों की मौत हो गई है। कई लोग फंस गए थे। घायलों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय यिनकिओंग ले जाया गया है।

स्थानीय विधायक एलो लिबांग ने बताया कि मरने वालों में गांव के एक भाजपा नेता, उनकी पत्नी और साली शामिल हैं। उन्होंने बताया कि घटना की खबर मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और इमरजेंसी डिपार्टमेंट के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक विस्तृत रिपोर्ट जारी नहीं की है, लेकिन शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि लैंडस्लाइड इलाके में चल रहे हाईवे निर्माण कार्य के कारण हो सकता है।

अरुणाचल प्रदेश के अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आगे की जानकारी का इंतजार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय