अरुणाचल : एसयूएमपी के खिलाफ विरोध तेज, झड़प में प्रदर्शनकारी और सीआरपीएफ जवान घायल
इटानगर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के सियांग इलाके में प्रस्तावित सियांग अपर मल्टीपर्पस प्रोजेक्ट (एसयूएमपी) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। 'प्री-फिजिबिलिटी रिपोर्ट' (पीएफआर) से जुड़ी गतिविधियों के दौरान रिगा और उगेन्ग में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़पें हुईं।
जानकारी के अनुसार, इन झड़पों में असिस्टेंट कमांडेंट समेत सीआरपीएफ जवानों और प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं। घायलों की सही संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। ये झड़पें प्रस्तावित मल्टीपर्पस प्रोजेक्ट और इलाके में चल रही पीएफआर से जुड़ी गतिविधियों के विरोध के बीच हुईं। प्रोजेक्ट का विरोध कर रहे स्थानीय समुदायों ने ज़मीन, आजीविका, विस्थापन, जैव विविधता और पुश्तैनी इलाकों पर इसके संभावित असर को लेकर चिंता जताई है।
अरुणाचल प्रदेश सरकार का कहना है कि पीएफआर सिर्फ़ एक शुरुआती तकनीकी आकलन है और यह प्रोजेक्ट को लागू करने का अंतिम फ़ैसला नहीं है। सरकार ने प्रस्तावित प्रोजेक्ट से प्रभावित या चिंतित समुदायों के साथ बातचीत करने की भी अपील की है। सियांग इलाके में एसयूएमपी एक विवादित मुद्दा बना हुआ है। स्थानीय समुदायों के कुछ वर्ग इसके संभावित सामाजिक, पर्यावरणीय और आर्थिक असर को लेकर प्रोजेक्ट से जुड़ी गतिविधियों का विरोध कर रहे हैं।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

