home page

अरुणाचल बाढ़ : हादसे के शिकार तीसरे व्यक्ति का शव मिला

 | 
अरुणाचल बाढ़ : हादसे के शिकार तीसरे व्यक्ति का शव मिला


इटानगर, 28 जून (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के केयी पैन्योर ज़िले में पोसा गांव के पास निपको कॉलोनी में 24 जून को बादल फटने की घटना के बाद लापता हुए पांच लोगों में से एक का शव पापुम पारे जिले के किमिन में हवा कैंप के पास रंगानदी नदी से बरामद किया गया है।

हालांकि, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है, अगर पुष्टि हो जाती है, तो यह आपदा के बाद बरामद होने वाला तीसरा शव होगा। इससे पहले दो शव बरामद किए जा चुके थे, जबकि बादल फटने से आई अचानक बाढ़ के बाद से दो शवों के मिलने एवं तीन लोग लापता बताये गये थे।

प्रभावित इलाकों में खोज और बचाव अभियान जारी है और टीमें मुश्किल हालात के बावजूद बाकी लापता लोगों का पता लगाने के लिए काम कर रही हैं। नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ) ने ज़िला प्रशासन और पुलिस के साथ मिलकर इस अभियान में मदद के लिए खास उपकरण, नावें और खोजी कुत्तों के दस्ते तैनात किए हैं। पहाड़ी इलाका, भारी मात्रा में मलबा और खराब मौसम बचाव कार्यों में बाधा डाल रहे हैं।

शनिवार को राजधानी इटानगर समेत पूरे राज्य में भारी और लगातार बारिश होती रही, जिससे चल रहे खोज अभियान में और मुश्किलें आ गईं। अधिकारियों ने अभी तक रंगानदी नदी से बरामद शव की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। प्रशासन शव की शिनाख्त करने में जुटा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय