क्षत-विक्षत शव बरामद
इटानगर, 11 मई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के इटानगर के जोलांग में चौथे आईआरबीएन के अंतर्गत आरपी गेट के पास जंगल से एक पुरुष का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। सोमवार को पुलिस ने बताया कि इटानगर पुलिस स्टेशन को इलाके में एक व्यक्ति के फांसी पर लटके होने की सूचना मिली थी। पुलिस दल एसडीआरएफ कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया।
इटानगर पुलिस स्टेशन में दर्ज यूडी केस के संबंध में एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम किया गया। शव की पहचान नहीं हो पायी है।
पुलिस का मानना है कि मृतक अरुणाचल प्रदेश का निवासी नहीं हो सकता है, लेकिन शव क्षत-विक्षत अवस्था के कारण उसकी पहचान नहीं हो पा रही है।
पहचान और कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए शव को इटानगर के आरकेएम अस्पताल के शव गृह में रखा गया है।
पुलिस ने आम जनता, आसपास के पुलिस स्टेशनों, ग्राम अधिकारियों और लापता व्यक्तियों के परिजनों से मृतक की पहचान करने में सहायता करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

