मंत्री ने आम लोगों से अपने बच्चों का दाखिला सरकारी विद्यालयों में कराने का आग्रह किया
इटानगर, 21 अप्रैल (हि,स.)। अरुणाचल प्रदेश
के शिक्षा मंत्री पासांग दोरजी सोना ने आज लोअर सियांग जिले के कोयु स्थित सरकारी
उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्वर्ण जयंती मॉडल विद्यालय भवन का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर बोलते हुए मंत्री दोरजी सोना ने मुख्यमंत्री के विक्षित और
शिक्षित अरुणाचल के दृष्टिकोण को दोहराया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि
केवल अवसंरचना विकास से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित नहीं हो सकती और शैक्षिक
परिणामों में सुधार के लिए जनभागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने समुदाय
से सामूहिक जिम्मेदारी लेने और अपने बच्चों को सरकारी विद्यालयों में दाखिला
दिलाने का आग्रह किया।
यात्रा के दौरान, मंत्री ने शिक्षण संकाय से भी बातचीत की और नए भवन के परिसर
में वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया।
कार्यक्रम में नारी-कोयु निर्वाचन क्षेत्र के विधायक तोजीर काडू; लोअर सियांग के उपायुक्त गोबी न्यिच्योर और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अपने संबोधन में, विधायक तोजीर काडू ने कोयु स्कूलों में छात्रों के घटते
नामांकन पर चिंता व्यक्त की और अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को स्थानीय
सरकारी स्कूल में दाखिला दिलाएं, विशेष रूप से आधुनिक और सुसज्जित स्वर्ण जयंती विद्यालय भवन
के उद्घाटन के बाद।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

