महंगी गाड़ियों से नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में तीन गिरफ्तार
पासीघाट (अरुणाचल), 08 मई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी सियांग जिले के पासीघाट पुलिस ने ऑपरेशन डॉन 2.0 के तहत मेबो पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में सिलुक गांव में चलाए गए एक अभियान में महंगी गाड़ियों से नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया और तीन संदिग्ध नशीले पदार्थों के तस्करों को गिरफ्तार किया।
पासीघाट पुलिस ने आज बताया कि नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के संबंध में विश्वसनीय सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर प्रभारी अधिकारी अयूप बोको के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने 6 मई की शाम को सिलुक बाजार में नाका लगाया। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा जुटाई गई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई थी।
इस अभियान के दौरान टीम ने रोइंग से मेबो की ओर जा रही एक टोयोटा हाइराइडर गाडी को रोका। कार्यकारी मजिस्ट्रेट तोइमी तागी, सीओ मेबो उपमंडल की उपस्थिति में तलाशी ली गई और वाहन की जांच की गई। जिसके परिणामस्वरूप 21.4 ग्राम (कुल वजन) हेरोइन होने के संदेह वाला नारंगी रंग के पाउडर, चार शीशियां, दो सिरिंज, 75,700 रुपये नकद, एक टोयोटा हाइराइडर को जब्त किया गया। बरामद प्रतिबंधित सामग्री और अन्य जब्त वस्तुओं का कानूनी प्रक्रिया के अनुसार उचित वजन किया गया, पैक किया गया, सील किया गया और दस्तावेजीकरण किया गया।
तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया और जब्त की गई वस्तुओं को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए मेबो पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

