खांडू ने केंद्र से कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) के लिए पर्याप्त परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था पर आग्रह किया
इटानगर, 07 मई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने केंद्र सरकार से राज्य में कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) के लिए पर्याप्त परीक्षा केंद्र सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के बाहर दूरस्थ स्थानों पर परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए छात्रों की कठिनाइयों का हवाला दिया।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लिखे पत्र में खांडू ने उन रिपोर्टों पर चिंता व्यक्त की है कि राज्य के कई छात्रों को अन्य राज्यों में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं, जिससे उम्मीदवारों और उनके परिवारों को असुविधा और आर्थिक परेशानी हो रही है।
मुख्यमंत्री ने अरुणाचल प्रदेश के दुर्गम भूभाग, सीमित कनेक्टिविटी और अविकसित परिवहन अवसंरचना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के लिए लंबी दूरी की यात्रा छात्रों के लिए गंभीर चुनौतियां पेश करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियां न केवल आर्थिक बोझ पैदा करती हैं, बल्कि छात्रों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित करती हैं, जिससे परीक्षा में उनके प्रदर्शन पर असर पड़ सकता है।
खांडू ने केंद्रीय मंत्रालय से परीक्षा केंद्रों के आवंटन पर पुनर्विचार करने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि अरुणाचल प्रदेश के भीतर या आसपास के सुलभ स्थानों पर पर्याप्त सीयूईटी केंद्र स्थापित किए जाएं।
राष्ट्रीय परीक्षाओं के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने हाल ही में कई स्थानों पर नीट 2026 परीक्षा सुचारू रूप से आयोजित की थी और राज्य के भीतर सीयूईटी परीक्षा आयोजित करने के लिए राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी को लॉजिस्टिकल सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री को यह भी बताया है कि इस मामले को पहले शिक्षा मंत्री पीडी सोना ने उठाया था, जिन्होंने पासीघाट, बोमडिला, तेजू और आलो को अतिरिक्त सीयूईटी परीक्षा केंद्रों के रूप में शामिल करने का अनुरोध किया था।
खांडू ने कहा कि शिक्षा आयुक्त अमजद टाक भी संबंधित अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर बातचीत कर रहे हैं। उच्च शिक्षा के अवसरों तक समान पहुंच पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने छात्रों के हित में केंद्र से सहानुभूतिपूर्ण और व्यावहारिक हस्तक्षेप की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

