उप मुख्यमंत्री मेन ने बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन पर दिया जोर
इटानगर, 16 जुलाई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री चौना मेन ने सभी सरकारी विभागों को निर्देश दिया है कि वे राज्य के 2026-27 वित्तीय वर्ष के बजट में घोषित मुख्य प्रस्तावों को समय पर और प्रभावी ढंग से लागू करने को प्राथमिकता दें।
उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री चौना मेन ने विभिन्न बजट घोषणाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए विभागों में चल रही परियोजनाओं की वित्तीय और भौतिक प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने प्रमुख पहलों जैसे 'मुख्यमंत्री ग्रामीण विकास कार्यक्रम' और 'मुख्यमंत्री व्यापक विद्युत विकास कार्यक्रम' को लागू करने की गति बढ़ाने पर जोर दिया।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य भर में संतुलित और समावेशी विकास सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, पेयजल आपूर्ति, भौतिक कनेक्टिविटी और कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर समान ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि वे परियोजनाओं के सुचारू कार्यान्वयन के लिए जहां भी आवश्यक हो, संशोधित दिशा-निर्देश प्रस्तुत करें और अतिरिक्त धनराशि की किसी भी आवश्यकता के बारे में जल्द से जल्द सूचित करें।
अरुणाचल प्रदेश सरकार ने पहले वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 36,607 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था, जिसमें बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, शासन में सुधार और जन-केंद्रित विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

