राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए कई निर्णय
इटानगर, 14 मई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में भर्ती सुधार, शहरी प्रशासन, कल्याणकारी उपायों और प्रशासनिक दक्षता से संबंधित कई महत्वपूर्ण निर्णयों को मंजूरी दी गई।
मंत्रिमंडल की बैठक के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सरकारी प्रवक्ता पीडी सोना ने बताया कि मंत्रिमंडल ने भर्ती परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक और अनुचित प्रथाओं को रोकने के लिए अरुणाचल प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम के उपाय) नियम, 2026 को मंजूरी दी है।
मंत्रिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों, मुख्य अभियंताओं, वित्त, कृषि, स्वास्थ्य और कारागार प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के लिए भर्ती नियमों में संशोधन को भी मंजूरी दी, साथ ही भूमि प्रबंधन विभाग के अंतर्गत नव निर्मित समूह-सी पदों के लिए नियम भी बनाए।
बागवानी और कृषि-पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए, मंत्रिमंडल ने वेस्ट सियांग जिले के बागरा में आयोजित होने वाले अन्नानास एक्सपो को वार्षिक आयोजन घोषित किया है, ताकि बागरा अन्नानास की ब्रांडिंग और बाजार तक पहुंच को बढ़ावा दिया जा सके।
जुलाई 2025 में अरुणाचल प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा में पहले ही शामिल हो चुके पात्र कांस्टेबल भर्ती उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता एवं मानक परीक्षा से एक बार की छूट भी दी गई।
मंत्रिमंडल ने किराये के आवास के नियमन के लिए अरुणाचल प्रदेश किरायेदारी नियम, 2026 को मंजूरी दी और होलोंगी, तेजू और पासीघाट हवाई अड्डों के आसपास नियोजित शहरी विकास के उद्देश्य से प्रस्तावित अरुणाचल प्रदेश हवाई अड्डा क्षेत्र विकास प्राधिकरण विधेयक, 2026 पर चर्चा की।
मंत्रिमंडल ने राज्य के वीरता पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं के लिए नकद अनुदान में भी वृद्धि की है, परम वीर चक्र पुरस्कार विजेताओं के लिए सहायता राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

