योमगो नदी में नहाने के दौरान एक युवक डूबा
इटनगर, 04 मई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम सियांग जिले के बेने गांव के पास योमगो नदी में रविवार को महाराष्ट्र के एक 17 वर्षीय युवक के डूबने का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, किशोर की पहचान प्रतेशमेश बसवाकर के रूप में हुई है, जो कक्षा 12वीं का छात्र और आलो के गुमीनगर में तैनात आईटीबीपी के एक जवान का बेटा है। वह 10 नाबालिगों के एक समूह के साथ आलो पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत पाया जलप्रपात के पास पिकनिक मनाने गए थे।
जांच अधिकारी और सब-इंस्पेक्टर मंथन चिथन ने बताया कि समूह के पांच लड़के नदी किनारे पहुंचे और बाद में पानी में उतरे, तभी यह घटना घटी। उन्होंने कहा, तेज धारा के कारण एक लड़का अचानक बह गया।
पुलिस को दोपहर एक बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद आलो पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची। आईटीबीपी कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया। हालांकि, रविवार देर शाम तक लापता लड़के का पता नहीं चल सका।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की एक टीम को बुलाया गया है और सोमवार को भी तलाशी अभियान जारी रहा, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका।
पुलिस ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण क्षेत्र की नदियां उफान पर हैं, जिससे बचाव अभियान में बाधा आ रही है।
अधिकारियों ने निचले इलाकों में कुछ भी इस बारे में पता चलने पर लोगों से सूचना देने की अपील की है। साथ ही लोगों से खराब मौसम के दौरान नदियों में न उतरने या तैरने से बचने की सलाह जारी की है ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

