बार, नाइट क्लब और रेस्तरां को समय बंद अनुरोध
बार, नाइट क्लब और रेस्तरां को समय बंद अनुरोध
इटानगर, 11 मई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश की राजधानी क्षेत्र इटानगर (आईसीआर)
के उपायुक्त द्वारा जारी 2021 के नियमों के अनुसार बार, नाइट क्लब और
रेस्तरां को बंद करने के समय का अनुपालन करने का आह्वान किया गया है। इटानगर पुलिस ने
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी जारी की है।
यह जानकारी इटानगर पुलिस स्टेशन के एसडीपीओ चेरा साबन ने आज अपने चैंबर में
आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की कमी और
अन्य कारणों से पहले पुलिस चेकिंग करने में विफल रही, लेकिन अब हमने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी बार, डीजे नाइट क्लब, रेस्तरां आदि पर निगरानी रखने का निर्णय लिया है और इस
संबंध में हम जल्द ही मालिकों और उनके संघ के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे।
आदेश के अनुसार, सभी बार और रेस्तरां रात 12 बजे तक बंद होने
चाहिए और ग्राहकों को भी अनुशासन बनाए रखना चाहिए और उन्हें स्वेच्छा से रात 12 बजे से पहले बार और रेस्तरां छोड़ देना चाहिए। चेकिंग के दौरान उल्लंघन पाए
जाने पर दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।
शराब पीकर गाड़ी चलाने की कई घटनाओं का जिक्र करते हुए साबन ने दावा किया कि
रिपोर्ट के अनुसार, इटानगर राजधानी क्षेत्र में देर रात शराब पीकर गाड़ी चलाने
के कारण ही सड़क दुर्घटनाएं और अन्य घटनाएं सबसे ज्यादा होती हैं, जिनमें कुछ लोगों की जान भी चली गई है। हम किसी को बार और डीजे नाइट में जाने
से नहीं रोक रहे हैं, बल्कि हमारा अनुरोध सिर्फ समय का पालन करना है।
इस आदेश का मुख्य उद्देश्य वेश्यावृत्ति जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना और जन
सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसलिए उन्होंने सभी से इस अभियान में पुलिस का सहयोग
करने का अनुरोध किया।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

