सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में चित्रकार नीलिम महंत हिरासत में
गुवाहाटी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में चित्रकार नीलिम महंत को दिसपुर पुलिस ने बीती रात हिरासत में लिया है। पुलिस ने इस मामले में केरल निवासी श्याम कुमार को भी हिरासत में लिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों को सार्वजनिक संपत्ति को कथित रूप से नुकसान पहुंचाने के मामले में हिरासत में लिया गया है। हालांकि, घटना की परिस्थितियों और कथित नुकसान की प्रकृति के बारे में विस्तृत जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी है। बताया गया है कि दोनों गुवाहाटी के रूक्मिनीगांव में चित्र बनाने जा रहे थे।
दिसपुर पुलिस ने नीलिम महंत के वाहन के साथ चित्रकारी में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्रियों को भी जब्त किया है। जब्त की गई सामग्रियों की जांच की जा रही है।
मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और दोनों व्यक्तियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

