मणिपुर में हथियार बरामद, बंकर ध्वस्त, दो उग्रवादी गिरफ्तार
इम्फाल, 18 जून (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने बीते 24 घंटे में व्यापक तलाशी एवं अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और सुरक्षा उपकरण बरामद किए हैं। साथ ही कई बंकरों और अवैध चौकियों को ध्वस्त किया गया तथा दो सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आज बताया कि सुरक्षा बलों ने 17 जून को कांगपोकपी जिले के लीमाखोंग थाना क्षेत्र के अंतर्गत लीलोन वैफेई, लीलोन खुनौ, एल. मुनलुई और कोंसाखुल गांवों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान 11 सिंगल बैरल 12 बोर की बंदूकें, 294 जिंदा कारतूस, गन पाउडर के दो पैकेट, 34 खाली कारतूस खोल तथा छह बुलेटप्रूफ जैकेट बरामद किए गए। अभियान के दौरान इन गांवों के आसपास मौजूद 30 बंकरों, चौकियों और रणनीतिक शिविर स्थलों को भी ध्वस्त कर दिया गया। चार व्यक्तियों को आगे की जांच एवं सत्यापन के लिए हिरासत में लिया गया है।
इसी दिन कांगपोकपी जिले के सैकुल थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने चार मोर्चों/बंकरों को नष्ट किया। इनमें थिंगफाई गांव और सी. खोलन गांव में स्थित दो-दो बंकर शामिल हैं।
चुराचांदपुर जिले में भी सुरक्षा बलों ने 17 जून को चुराचांदपुर थाना क्षेत्र के एस. नाबिल गांव और लोइलामकोई गांव में एक अवैध चेक पोस्ट तथा एक बंकर को ध्वस्त कर दिया।
उधर, 16 जून को सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन केसीपी (एमएफएल) के सक्रिय सदस्य हाइकरुजाम हिटलर मैतेई उर्फ ऋषि (18) को गिरफ्तार किया। वह बिष्णुपुर जिले के निंगथौखोंग खा लीकाई वार्ड संख्या-6 का निवासी है। उसे इंफाल पूर्व जिले के पोरोमपट थाना क्षेत्र स्थित कोंगबा लैशराम लीकाई इलाके से पकड़ा गया।
एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने सोरेपा के सक्रिय सदस्य लौक्राकपम इबुंगो मैतेई उर्फ जॉन (42) को भी गिरफ्तार किया। वह इंफाल पश्चिम जिले के इरोम मेइजराओ मानिंग लीकाई का निवासी है। उसे इंफाल पूर्व जिले के पोरोमपट थाना क्षेत्र के कोंगपाल इरानफाम थोंगखोंग इलाके से गिरफ्तार किया गया।
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अवैध सशस्त्र ढांचों को हटाने और उग्रवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

