मणिपुर में हथियारों का जखीरा बरामद, पीएलए के तीन कैडर गिरफ्तार
इंफाल, 22 सितंबर (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में हथियार, गोला-बारूद एवं विस्फोटक सामग्री बरामद करने के साथ ही प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के तीन सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को बिष्णुपुर जिला पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने पट्टन इलाके में अभियान चलाकर एक एके-47 राइफल मैगजीन सहित, एक देसी सीएमजी मैगजीन सहित, एक देसी .32 पिस्तौल, एक आईईडी, तीन फ्रैगमेंटेशन ग्रेनेड, एक देसी नंबर-36 हैंड ग्रेनेड और 7.62 मिमी के 15 राउंड गोला-बारूद बरामद किए।
एक अन्य अभियान में तेंगनौपाल जिला पुलिस और असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने बॉर्डर पिलर-87 के समीप से पीएलए के तीन सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिष्णुपुर जिले के रहने वाले निंगथौजम जेम्स सिंह उर्फ बिबरेल (21), काकचिंग जिले के रहने वाले क्षत्रिमयुम रुस्तान सिंह उर्फ थोइहेनबा (25) और एक नाबालिग के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों अभियानों के संबंध में आगे की जांच शुरू कर दी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

