इंफाल पूर्व में भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद
इंफाल पूर्व, 21 फरवरी (हि.स.)। मणिपुर के इंफाल पूर्व जिले के पोरमपत थाना क्षेत्र अंतर्गत चिंगखेई चिंग की पहाड़ी तलहटी में शुक्रवार की शाम सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाकर भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की।
पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि सुरक्षा बलों को अभियान के दौरान एक .303 राइफल मैगजीन सहित, एक .22 राइफल तथा एक 9 एमएम एसएमजी कार्बाइन मैगजीन सहित मिली। इसके अलावा दो नंबर-36 हैंड ग्रेनेड, एक इम्प्रोवाइज्ड बम तथा एक डब्ल्यूपी नंबर-80 एमके-1 ग्रेनेड भी बरामद किया गया।
अभियान में विभिन्न कैलिबर के 57 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए। साथ ही तीन लेथोड शेल, दो एसएलआर के खाली खोखे, चार इंसास मैगजीन, एक एसएलआर मैगजीन, एक पिस्तौल मैगजीन, दो ट्यूब लॉन्चर और दो .303 चार्जर क्लिप भी बरामद की गईं।
बरामद सभी हथियार और विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

