गुवाहाटी में सशस्त्र उगाही के आरोपित की गिरफ्तारी, भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद
गुवाहाटी, 04 जुलाई (हि.स.)। गुवाहाटी पुलिस ने सशस्त्र उगाही, मारपीट और अवैध रूप से बंधक बनाने के एक मामले में 39 वर्षीय अविक दास उर्फ अभिमन्यु दास को गिरफ्तार किया है। आरोपित के बोंदा के चपाईडांग स्थित आवास पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार, 360 से अधिक जिंदा कारतूस, पीड़ित की कार तथा अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया।
गुवाहाटी सेंट्रल डीसीपी ने आज प्रागज्योतिषपुर थाने में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि आरोपित और पीड़ित बिशन सोनोवाल के बीच पहले व्यावसायिक संबंध थे, जो आर्थिक विवाद के बाद बिगड़ गए थे। आरोप है कि 28 जून को आरोपित ने पीड़ित को अपने घर बुलाकर उससे 5.50 लाख रुपये की उगाही की मांग की। डराने के लिए उसने कथित तौर पर पीड़ित के पैरों के पास पिस्तौल से फायर किया, उसके साथ मारपीट की और दबाव बनाकर उससे तीन लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। साथ ही शेष रकम के बदले पीड़ित की मारुति बलेनो कार अपने कब्जे में रख ली और उसकी मंगेतर को भी फोन पर लगातार धमकियां दीं।
पीड़ित द्वारा 2 जुलाई को दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर प्राग्ज्योतिषपुर थाना में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया तथा पीड़ित की कार भी बरामद कर ली। घटनास्थल से एक खाली कारतूस भी मिला, जिससे फायरिंग की पुष्टि होने की बात पुलिस ने कही है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक पिस्तौल, तीन राइफलें, 360 से अधिक जिंदा कारतूस, 80 खाली खोखे, एक टोयोटा हिलक्स वाहन, तीन मोबाइल फोन तथा नागालैंड के डिमापुर से जारी शस्त्र लाइसेंस भी जब्त किया। पुलिस लाइसेंस की वैधता और हथियारों के स्रोत की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार अविक दास के खिलाफ वर्ष 2021 से 2025 के बीच असम के विभिन्न थानों में चार आपराधिक मामलों में आरोपपत्र दाखिल हो चुके हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है और अवैध हथियारों के संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

