असम बजट 2026-27 का एआरईआईडीए ने किया स्वागत, बुनियादी ढांचे पर जोर की सराहना
गुवाहाटी, 10 जुलाई (हि.स.)। असम रियल एस्टेट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स एसोसिएशन (एआरईआईडीए) ने वर्ष 2026-27 के राज्य बजट का स्वागत करते हुए इसे विकासोन्मुख और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने वाला बजट बताया है।
एआरईआईडीए के अध्यक्ष पीके शर्मा ने कहा कि सड़कों, पुलों, गुवाहाटी रिंग रोड, बिजली, हवाई अड्डों तथा अन्य कनेक्टिविटी परियोजनाओं में बड़े निवेश से राज्य की आर्थिक वृद्धि को नई गति मिलेगी। उन्होंने 4,413 करोड़ रुपये के शहरी अवसंरचना निवेश, गुवाहाटी मास्टर प्लान-2045, 2,500 करोड़ रुपये की भूमिगत बिजली परियोजना तथा एयरोट्रोपोलिस एवं सैटेलाइट सिटी परियोजना का विशेष स्वागत किया।
उन्होंने किफायती आवास नीति को प्राथमिकता देने, 'अपुन घर' योजना की अवधि बढ़ाने और ऋण सीमा 50 लाख रुपये किए जाने की भी सराहना करते हुए कहा कि नियोजित शहरी विकास और आवास क्षेत्र में निजी निवेश को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

