home page

आप्यो ने अनियमितता को लेकर सरकार को दिया अल्टीमेटम

 | 

इटानगर, 04 मई (हि.स.)। अखिल अरुणाचल प्रदेश युवा संगठन (आप्यो) ने सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-415 पैकेज बी नाहरलागुन फ्लाईओवर परियोजना में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य सतर्कता अधिकारियों और मुख्यमंत्री पेमा खांडू को सात दिनों का अल्टीमेटम दिया है।

आज अरुणाचल प्रेस क्लब में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आप्यो के अध्यक्ष किपा कानाम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-415 फ्लाईओवर के निर्माण में देरी और अनियमितताओं, विशेष रूप से पापु नाला से निर्जुली तक के पैकेज-बी के संबंध में राज्य सरकार की निष्क्रियता पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने परियोजना के क्रियान्वयन और वित्तीय पहलुओं को लेकर चिंताएं जताईं और राज्य सरकार के समक्ष अपनी मांगों को दोहराया।

आप्यो ने परियोजना से जुड़े 62 पिलर (स्तंभों) के लिए विस्तृत विध्वंस लागत अनुमान प्रस्तुत करने की मांग की। उन्होंने मांग की कि जब तक पूरी तरह से समीक्षा नहीं हो जाती, तब तक फ्लाईओवर से संबंधित सभी भुगतानों को तत्काल निलंबित कर दिया जाए।

अपनी प्रमुख मांगों में, संगठन ने अरुणाचल प्रदेश में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के एक क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना की भी मांग की, ताकि राज्य में अवसंरचना परियोजनाओं की बेहतर निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

इसके अतिरिक्त,आप्यो ने कथित अनियमितताओं की जांच के लिए एक सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक स्वतंत्र एक सदस्यीय जांच समिति के गठन का आग्रह किया। संगठन ने इस बात पर जोर दिया कि जांच निष्पक्ष और समयबद्ध होनी चाहिए।

साथ ही परियोजना से संबंधित किसी भी प्रकार की गड़बड़ी में शामिल पाई जाने वाली फर्मों को बर्खास्त करने और ब्लैकलिस्ट करने की मांग की।

उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि हाल ही में पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों के साथ पीडब्ल्यूडी मंत्री के सलाहकार फुरपा त्सेरिंग की अध्यक्षता में हुई बैठक में, हम राष्ट्रीय राजमार्ग-415 पैकेज बी और नाहरलागुन फ्लाईओवर परियोजना के सड़क निर्माण पर उनके स्पष्टीकरण से संतुष्ट न होने पर बैठक से बाहर चले गए।

उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने लाभ के लिए हमारी जानकारी के बिना अवैध रूप से बैठक का विवरण तैयार किया, जबकि बैठक असफल रही। संगठन ने चेतावनी दी कि निर्धारित सात दिनों के भीतर इन मांगों को पूरा करने में सरकार विफल रहती है तो हमें राजधानी में 36 घंटे के लिए कामकाज बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी