फकीराग्राम भोजपुरिया समाज का होली को लेकर महत्वपूर्ण आव्हान
कोकराझार (असम), 26 फरवरी (हि.स.)। फकीराग्राम भोजपुरिया समाज की ओर से आगामी होली पर्व को लेकर एक महत्वपूर्ण आह्वान किया गया है। समाज ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी पारंपरिक रूप से होली गीत तथा होलिका दहन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सादगी, सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
समाज के अध्यक्ष धनंजय शाह, सचिव अमित मिश्रा ने बताया कि होली भारतीय संस्कृति का एक प्रमुख पर्व है, जो प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी सीमित एवं गरिमापूर्ण ढंग से पारंपरिक होली गीतों का आयोजन तथा विधिवत होलिका दहन किया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के नागरिकों की सहभागिता अपेक्षित है, ताकि आपसी एकता और सामुदायिक सद्भाव को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
विशेष कार्यक्रम की खबरों से सावधान रहने की अपील
फकीराग्राम भोजपुरिया समाज के अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस वर्ष होली के अवसर पर फकीराग्राम में किसी प्रकार के विशेष या बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन समाज की ओर से नहीं किया जा रहा है। यदि भविष्य में किसी विशेष कार्यक्रम की योजना बनाई जाती है, तो उसकी आधिकारिक सूचना समाज द्वारा स्वयं अधिकृत माध्यमों एवं विश्वसनीय स्रोतों के जरिए सार्वजनिक की जाएगी। साथ ही कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपने निजी स्वार्थवश “होली मिलन समारोह” या अन्य किसी विशेष कार्यक्रम का आयोजन करता है, तो उस आयोजन से समाज का प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से कोई संबंध नहीं होगा।
समाज ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट, भ्रामक अथवा गैर-आधिकारिक सूचना पर विश्वास न करें तथा केवल अधिकृत सूचनाओं पर ही ध्यान दें। साथ ही सभी नागरिकों से शांति, सौहार्द और पारंपरिक गरिमा के साथ होली पर्व मनाने का आग्रह किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

