आपसू से आपनी मांग को वापस लेने की आपयो ने की अपील
इटानगर, 18 जुलाई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश यूथ ऑर्गनाइज़ेशन (आपयो) ने ऑल अरुणाचल प्रदेश स्टूडेंट्स यूनियन (आपसू) से अपील की है कि वे नॉर्थ ईस्टर्न रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (नेरिस्ट) के डायरेक्टर के मामले में दखल न दें और डायरेक्टर प्रो. नरेंद्र नाथ एस को उनके पद से हटाने के लिए दिया गया अपना ज्ञापन वापस ले लें।
यह ज्ञापन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को सौंपा गया था, जिसमें डायरेक्टर को हटाने और सबसे वरिष्ठ प्रोफेसर को डायरेक्टर-इन-चार्ज के तौर पर नियुक्त करने की मांग की गई थी।
आज अरुणाचल प्रेस क्लब में मीडिया से बात करते हुए आपयो के अध्यक्ष किपा कानम ने कहा कि जब नेरिस्ट के स्टूडेंट्स यूनियन को मौजूदा डायरेक्टर से कोई समस्या नहीं है, बल्कि वे उनके योगदान और कम समय में नेरिस्ट के फैकल्टी और स्टूडेंट्स के भले के लिए किए गए कामों की वजह से उनका समर्थन कर रहे हैं, तो फिर आपसू और ऑल निशी स्टूडेंट्स यूनियन डायरेक्टर प्रो. नरेंद्रनाथ एस को उनके पद से क्यों हटाना चाहते हैं?
उनकी मंशा क्या है? स्टूडेंट्स यूनियन को स्टूडेंट्स कम्युनिटी के भले के बारे में सोचना चाहिए। नेरिस्ट के छात्रा का साथ देने के बजाय, आपसू और अनसू राजनीति में शामिल हो रहे हैं और उनके काम भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और भ्रष्ट अधिकारियों को बचाने की कोशिश जैसे लग रही हैं।
उन्होंने अनसू के महासचिब को चेतावनी भी दी कि वे अनसू के प्लेटफॉर्म का गलत इस्तेमाल न करें और अगर वे ऐसा करना बंद नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करानी पड़ सकती है।
नेरिस्ट के अंदर चल रही हालिया राजनीति का ज़िक्र करते हुए, कानम ने आरोप लगाया कि 29 मई को नेरिस्ट के रजिस्ट्रार माई कुरु कैम्डर और असिस्टेंट रजिस्ट्रार बोगे कामडुक को कथित अनियमितताओं और भर्ती नियमों 2022 में हेरफेर के मामले में दोनों को पद से हटाया गया है।
इसलिए आपसू और अनसू को नेरिस्ट की राजनीति में नहीं पड़ना चाहिए और स्टूडेंट्स कम्युनिटी के भले के बारे में सोचना चाहिए।
जैसा कि हम जानते हैं कि नेरिस्ट नॉर्थ-ईस्ट राज्यों के सभी स्टूडेंट्स के लिए बहुत महत्वपूर्ण संस्थान है और हमें ऐसे संस्थानों की रक्षा करनी चाहिए। साथ ही, एक रेगुलर और अच्छा डायरेक्टर मिलना भी बहुत मुश्किल होता है। इसलिए हमारी चिंता नेरिस्ट की रक्षा करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

