गुवाहाटी में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने का कांग्रेस ने किया विरोध
गुवाहाटी, 25 सितंबर (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को पुलिस ने जबरन हिरासत में ले लिया।
एपीसीसी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष बेदब्रत बोरा ने कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक प्रदर्शन को दबाने का प्रयास बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला जलाने के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग किया।
बोरा के अनुसार हिरासत में लिए गए नेताओं में एपीसीसी अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई, एआईसीसी सचिव मनोज चौहान, सेवा दल अध्यक्ष दीप बायन, एपीसीसी महासचिव उदित भानु दास तथा पार्टी नेता बिदिशा नेओग, मौसुमी नेओग, तजिका परबीन, मइनाजान बेगम, शांतनु बोरा, गुलाम मुस्तफा उस्मानी, अंकुर राज गोगोई और अनवर हुसैन समेत अन्य शामिल हैं।
बोरा ने पुलिस कार्रवाई को निंदनीय बताते हुए आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति सरकार के रवैये को दर्शाती है। उन्होंने घटना के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के तहत पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया था।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

