home page

पूर्व मुख्यमंत्री अपांग ने की खांडू के इस्तीफे की मांग

 | 

इटानगर, 06 मई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री गेगोंग अपांग ने राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू को सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सीबीआई द्वारा उनके खिलाफ चल रही प्रारंभिक जांच के मद्देनजर तत्काल पद से इस्तीफा देने की मांग की है। खांडू पर बीते 10 वर्षों के अपने कार्यकाल के दौरान पीडब्ल्यूडी का 1,270 करोड़ रुपये का ठेका अवैध रूप से उनके परिवार के सदस्यों को देने का आरोप है।

उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री का इस्तीफा आवश्यक है। अपांग ने कहा कि जब मौजूदा मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के गंभीर आरोपों के तहत अदालत द्वारा जांच का सामना कर रहे हों, तब मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बने रहना अनैतिक और राजनीतिक रूप से अनुचित है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “जब मौजूदा मुख्यमंत्री केंद्र में सत्ताधारी दल से हों और सीबीआई केंद्रीय गृह मंत्री के कार्यकारी नियंत्रण में हो, तो सीबीआई जांच के निष्पक्ष और स्वतंत्र होने की उम्मीद नहीं की जा सकती। अगर पेमा खांडू अपना इस्तीफा नहीं देते और प्रारंभिक जांच में उन्हें क्लीन चिट मिल जाती है, तो हमें यह मानने पर मजबूर होना पड़ेगा कि जांच कभी भी निष्पक्ष और स्वतंत्र नहीं थी।”

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी