home page

बशिष्ठ पुलिस का ड्रग्स विरोधी अभियान: 15 हिरासत में

 | 
बशिष्ठ पुलिस का ड्रग्स विरोधी अभियान: 15 हिरासत में


गुवाहाटी, 02 जून (हि.स.)। गुवाहाटी में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बशिष्ठ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार कुख्यात ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया तथा 11 नशे के आदी युवकों को हिरासत में लिया है। अभियान के दौरान पुलिस ने 111 ग्राम हेरोइन और 100 खाली कंटेनर भी बरामद किए हैं।

पुलिस द्वारा मंगलवार को दी गई जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए इस अभियान में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और सेवन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के आधार पर ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने चिंता जताते हुए कहा कि गुवाहाटी में रोजगार और शिक्षा प्राप्त करने के लिए आने वाले कई प्रतिष्ठित एवं संपन्न परिवारों के युवक भी नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। इससे समाज और युवाओं के भविष्य पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है।

बरामद हेरोइन और अन्य सामान को जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है तथा पुलिस ने शहर में मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान और तेज करने की बात कही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश