असम में नशा विरोधी अभियान को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन, बरपेटा में राज्यपाल ने की पदयात्रा
गुवाहाटी, 26 सितंबर (हि.स.)। असम में नशामुक्ति के लिए चलाया जा रहा राज्यव्यापी अभियान लगातार जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है। इसी क्रम में असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने शनिवार को बरपेटा में ‘नशा मुक्त भारत संकल्प पदयात्रा’ का नेतृत्व किया। पदयात्रा में विद्यार्थियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
राज्यपाल ने कहा कि असम की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से गहराई से जुड़े बरपेटा में नशा विरोधी संदेश पहुंचाना विशेष महत्व रखता है। उन्होंने महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव और श्रीश्री माधवदेव के योगदान तथा बरपेटा सत्र द्वारा असम की सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐतिहासिक बरपेटा से निकली यह पदयात्रा युवा पीढ़ी को नशे से बचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण के सामूहिक संकल्प का प्रतीक है।
आचार्य ने कहा कि नशे की लत का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार प्रभावित होते हैं, युवाओं की आकांक्षाएं कमजोर पड़ती हैं और सामाजिक ताना-बाना भी प्रभावित होता है। उन्होंने परिवारों, शिक्षण संस्थानों, सामुदायिक संगठनों, नागरिक समाज और प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक से सरकार तथा कानून-प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर नशे के खिलाफ एकजुट प्रयास करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कछार से शुरू हुई ‘नशा मुक्त भारत संकल्प पदयात्रा’ श्रीभूमि, डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया होते हुए अब बरपेटा पहुंची है। यह यात्रा केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक मार्च नहीं, बल्कि जागरूकता से कार्रवाई और व्यक्तिगत संकल्प से सामूहिक जिम्मेदारी की ओर बढ़ते आंदोलन का प्रतीक है।
राज्यपाल ने कहा कि स्वस्थ, कुशल, आत्मविश्वासी और नशामुक्त युवा असम तथा पूरे पूर्वोत्तर के विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त समाज के संदेश का सक्रिय दूत बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “संकल्प उसकी पूर्ति की दिशा में पहला कदम है।” उन्होंने नागरिकों से नशामुक्त असम के संकल्प को निरंतर कार्रवाई में बदलने की अपील की।
इससे पहले बरपेटा के जिला आयुक्त नवदीप पाठक ने पदयात्रा में शामिल प्रतिभागियों को नशा मुक्त भारत संकल्प की शपथ दिलाई।
राज्यपाल के संबोधन के बाद आचार्य ने जिला पुस्तकालय से बरपेटा उपायुक्त कार्यालय के समीप महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पदयात्रा को रवाना किया और स्वयं भी सैकड़ों प्रतिभागियों के साथ पैदल चले। गंतव्य पर पहुंचने के बाद उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और आत्म-अनुशासन, सत्य तथा सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों को याद किया।
कार्यक्रम में बरपेटा सत्र के बूढ़ा सत्रिया डॉ. बाबुल चंद्र दास, विधायक दीपक कुमार, समाजसेवी गुणेंद्र नाथ दास, जिला आयुक्त नवदीप पाठक, एसएसपी सुशांत बिस्व सरमा, बरपेटा नगरपालिका बोर्ड के अध्यक्ष छबीलाल दास, बरपेटा जिला परिषद की अध्यक्ष जस्मिन सुल्ताना, समाजसेवी सबिता देबनाथ, जिला प्रशासन के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

