सोनापुर में एनीमिया एवं स्वास्थ्य समस्याओं पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
गुवाहाटी, 26 अक्टूबर (हि.स.)। प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के सोनापुर स्थित वाहिनी मुख्यालय में सोमवार को एनीमिया (रक्ताल्पता) एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संदीक्षा अध्यक्ष वैशाली कौशिक के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान एनीमिया के कारणों, लक्षणों, बचाव और उपचार के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। साथ ही संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व को रेखांकित करते हुए आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थों को दैनिक भोजन में शामिल करने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
संदीक्षा परिवार की महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के साथ-साथ परिवार और समाज में भी स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
आयोजकों के अनुसार, इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण, बीमारियों की समय पर पहचान और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

