home page

दक्षिण सालमारा आम्सू जिला इकाई ने दी मेघालय की आर्थिक नाकेबंदी की चेतावनी

 | 
दक्षिण सालमारा आम्सू जिला इकाई ने दी मेघालय की आर्थिक नाकेबंदी की चेतावनी


दक्षिण सालमारा (असम), 23 अप्रैल (हि.स.)। मेघालय में असम के छोटे मुस्लिम व्यापारियों और श्रमिकों के साथ कथित अत्याचार के विरोध में सदौ असम अल्पसंख्यक छात्र संघ (आम्सू) ने मेघालय के खिलाफ आर्थिक नाकेबंदी करने का निर्णय लिया है।

आम्सू के अनुसार, मेघालय में असम के मुस्लिम व्यापारियों और मजदूरों को प्रताड़ित किए जाने की घटनाओं से उनमें भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। संगठन ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है।

इस कड़ी में हाटशिंगिमारी जिला आयुक्त कार्यालय के सामने आम्सू की जिला इकाई के नेतृत्व में एक विशाल विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन में केंद्रीय समिति के छात्र नेताओं सहित बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने भाग लिया।

प्रदर्शनकारियों ने मेघालय में असम के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश