जुबीन गर्ग मौत मामले की आरोपित अमृतप्रभा महंत हाफलोंग जेल से रिहा
हाफलोंग (असम), 13 अक्टूबर (हि.स.)। असमिया गायक जुबीन गर्ग की मौत के मामले की प्रमुख आरोपित अमृतप्रभा महंत मंगलवार सुबह हाफलोंग जेल से रिहा हो गईं। चेहरे पर मास्क लगाए अमृतप्रभा जेल से बाहर निकलीं। वह पिछले करीब एक वर्ष से हाफलोंग जेल में बंद थीं।
गौहाटी उच्च न्यायालय ने नौ अक्टूबर को अमृतप्रभा महंत को जमानत प्रदान की थी। इसके बाद मंगलवार सुबह उनकी जेल से रिहाई हुई। जुबीन गर्ग की मौत के मामले में अमृतप्रभा को प्रमुख आरोपितों में शामिल किया गया है।
उल्लेखनीय है कि जुबीन गर्ग सितंबर 2025 में सिंगापुर की यात्रा पर गए थे। वह वहां नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में हिस्सा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान 19 सितंबर को समुद्र में तैरते समय उनकी मौत हो गई थी।
अमृतप्रभा महंत भी जुबीन गर्ग के साथ सिंगापुर गई थीं और कथित तौर पर यॉट पार्टी में भी मौजूद थीं। गायक की मौत के मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मामले की जांच के बाद आरोपपत्र दाखिल किया था। जमानत पर रिहाई का अर्थ आरोपों से बरी होना नहीं है। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी रहेगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

