अंबुबासी मेले का आज होगा समापन, कल सुबह खुलेंगे मां कामाख्या मंदिर के कपाट
गुवाहाटी, 25 जून (हि.स.)। असम के गुवाहाटी में नीलाचल पहाड़ी पर स्थित पवित्र शक्तिपीठ मां कामाख्या धाम में आयोजित विश्वप्रसिद्ध अंबुबासी मेले का आज रात निवृत्ति अनुष्ठान के साथ समापन होगा। वार्षिक धार्मिक परंपरा के तहत 22 जून से बंद मंदिर के कपाट शुक्रवार सुबह श्रद्धालुओं के लिए पुनः खोल दिए जाएंगे।
चार दिवसीय इस महापर्व के दौरान देश-विदेश से आए साधु-संतों, तांत्रिकों, तपस्वियों और लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा नीलाचल क्षेत्र भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। मेले के दौरान जप, तप, साधना, तंत्र-मंत्र और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का निरंतर आयोजन होता रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में अद्भुत आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। मां शक्ति की आराधना और तांत्रिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध यह मेला देश के सबसे महत्वपूर्ण आध्यात्मिक आयोजनों में से एक माना जाता है।
मां कामाख्या के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही भक्तों को देवी के प्रथम दर्शन का अवसर मिलेगा। मेले के सफल एवं शांतिपूर्ण समापन को लेकर प्रशासन और मंदिर प्रबंधन द्वारा सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
कामरूप (मेट्रो) जिला प्रशासन ने इस वर्ष मेले में लगभग आठ लाख श्रद्धालुओं के हिस्सा लेने का अनुमान जताया है। कामाख्या मंदिर परिचालन समिति मंदिर के कपाट खोलने के लिए आवश्यक तैयारियों में जुटा हुआ है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

